बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट इन दिनों Cannes Film Festival 2026 में अपने शानदार फैशन और ग्लैमरस अंदाज को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। कान्स के रेड कार्पेट पर आलिया ने अपने एक से बढ़कर एक स्टाइलिश और एलिगेंट लुक्स से दुनियाभर के फैंस का दिल जीत लिया। कभी आइवरी साड़ी में भारतीय संस्कृति की झलक दिखी, तो कभी बॉडी-फिटेड गाउन में उनका हॉलीवुड स्टाइल देखने को मिला। हालांकि, जहां एक तरफ फैंस उनके लुक्स की जमकर तारीफ कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को भारी ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा।
दरअसल, कान्स फिल्म फेस्टिवल से आलिया भट्ट के कई वीडियोज़ और तस्वीरें वायरल हुईं। इसी दौरान एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैलने लगा, जिसमें रेड कार्पेट पर पोज़ देती आलिया की तरफ कुछ फोटोग्राफर्स ध्यान नहीं देते दिखाई दिए। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो को लेकर अभिनेत्री का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। कई लोगों ने दावा किया कि इंटरनेशनल मंच पर आलिया को वह तवज्जो नहीं मिली जिसकी उम्मीद की जा रही थी।

हालांकि, आलिया भट्ट ने ट्रोल्स को बेहद शांत और क्लासी अंदाज में जवाब देकर सभी का दिल जीत लिया। एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “किसी ने तुम पर ध्यान नहीं दिया।” इस पर अभिनेत्री ने जवाब दिया, “तुमने दिया ना… बस वही काफी है।” आलिया के इस जवाब की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हुई और फैंस ने इसे उनका सबसे शानदार रिएक्शन बताया।
अब इस पूरे विवाद पर आलिया की मां और अभिनेत्री Soni Razdan का गुस्सा भी खुलकर सामने आया है। दरअसल, मुंबई बेस्ड लेखिका शुनाली खुल्लर श्रॉफ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए आलिया को ट्रोल किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि किसी महिला स्टार को छोटी-छोटी बातों पर नीचा दिखाने में लोगों को खुशी मिलना समाज की सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

शुनाली के इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनी राजदान ने सोशल मीडिया की नकारात्मकता पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “सोशल मीडिया पर जहां प्यार, जानकारी और मनोरंजन की भरमार है, वहीं नफरत भी बड़ी आसानी से देखने को मिल जाती है।” सोनी का मानना है कि सोशल मीडिया अब समाज की मानसिकता का आईना बन चुका है, जहां लोग बिना सोचे-समझे किसी को भी ट्रोल करना शुरू कर देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ एक सेलिब्रिटी का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह उस मानसिकता को दर्शाता है, जहां लोगों को दूसरों को नीचा दिखाने में खुशी मिलती है। सोनी राजदान के इस बयान को सोशल मीडिया पर काफी समर्थन मिल रहा है और कई लोग उनकी बात से सहमत नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि आलिया भट्ट के समर्थन में कई सितारे भी सामने आए। Sonu Sood, Aly Goni और Ayesha Khan जैसे कलाकारों ने अभिनेत्री का समर्थन करते हुए ट्रोल्स को करारा जवाब दिया। वहीं फैंस का कहना है कि आलिया ने कान्स 2026 में अपने स्टाइल, आत्मविश्वास और जवाब देने के तरीके से साबित कर दिया कि वह सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि ग्लोबल मंच की भी बड़ी स्टार हैं।