फिल्म ये आवारापन के टाइटल ट्रैक को लेकर सोशल मीडिया पर जारी बहस के बीच संगीतकार और सिंगर अमाल मलिक ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि गाने और फिल्म को बदनाम करने के लिए इंडस्ट्री के कुछ प्रतिद्वंद्वी पेड पीआर का सहारा ले रहे हैं। अमाल ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए आलोचनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कुछ लोग जानबूझकर फिल्म और इसके म्यूजिक को निशाना बना रहे हैं।
आलोचनाओं के बीच अमाल मलिक का बयान
यह आवारापन के टाइटल ट्रैक को अमाल मलिक ने कंपोज किया है, जबकि इसे अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। गाने के रिलीज होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी तुलना साल 2007 में आई फिल्म आवारापन के लोकप्रिय गानों से की। कुछ लोगों ने नए वर्जन को पसंद किया, वहीं कई यूजर्स ने इसे पहले वाले गानों जैसा प्रभावशाली नहीं बताया।
लगातार हो रही आलोचनाओं के बीच अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें गाने के लिए दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी अच्छे गाने को लोगों के दिलों तक पहुंचने में समय लगता है और जल्दबाजी में उसकी गुणवत्ता का फैसला नहीं किया जा सकता।
राइवल्स चला रहे हैं पेड पीआर
अमाल मलिक ने अपने पोस्ट में दावा किया कि फिल्म इंडस्ट्री के कुछ प्रतिद्वंद्वी ये अवारापन और उसके म्यूजिक को नुकसान पहुंचाने के लिए पेड पीआर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने लिखा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि फिल्म या उसका साउंडट्रैक सफल हो।
उन्होंने ऐसे लोगों को जवाब देते हुए कहा कि बेहतर होगा वे अपना पैसा अपनी आने वाली फिल्मों के लिए बचाकर रखें। अमाल ने लिखा कि उनके गाने और फिल्म पर हमला करने के लिए जितना चाहे पैसा खर्च किया जा सकता है, लेकिन अगर अपनी फिल्मों के लिए कुछ नहीं बचाया गया तो भविष्य में परेशानी हो सकती है।
हालांकि, अमाल मलिक ने अपने पोस्ट में किसी व्यक्ति या प्रोडक्शन हाउस का नाम नहीं लिया और न ही अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत साझा किया।
अरिजीत सिंह की वापसी से बढ़ी थी गाने की चर्चा
यह आवारापन का टाइटल ट्रैक पहले से ही चर्चा में था क्योंकि इसे अरिजीत सिंह ने गाया है। कुछ महीने पहले अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की बात कही थी, ऐसे में इस गाने के जरिए उनकी वापसी ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी।
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी तुलना मूल फिल्म आवारापन के संगीत से होने लगी। जहां एक वर्ग ने अमाल मलिक और अरिजीत सिंह की जोड़ी की तारीफ की, वहीं दूसरे वर्ग ने पुराने गानों की भावनात्मक गहराई को ज्यादा प्रभावशाली बताया।
फिलहाल, अमाल मलिक के पेड पीआर वाले दावे ने इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म और उसका संगीत दर्शकों के बीच आने वाले दिनों में कैसी प्रतिक्रिया हासिल करते हैं।