बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों कई फिल्मों के बीच कमाई को लेकर मुकाबला देखने को मिल रहा है। रजनीकांत की ‘जेलर 2’ से लेकर आयुष्मान खुराना की ‘उड़ता तीर’ तक, अलग-अलग फिल्मों का प्रदर्शन दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, यामी गौतम की ‘नई नवेली’, राजकुमार राव की ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ और अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ भी सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं। गुरुवार के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में जहां कुछ फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिली, वहीं कुछ ने अपनी रफ्तार बनाए रखी। आइए जानते हैं किस फिल्म ने कितनी कमाई की।
‘जेलर 2’ की कमाई में आई गिरावट
रजनीकांत स्टारर ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ बनाए हुए है। हालांकि, रिलीज के 15वें दिन फिल्म की कमाई में थोड़ी कमी दर्ज की गई। बुधवार को फिल्म ने 7.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि गुरुवार को इसका कलेक्शन घटकर 5.90 करोड़ रुपये रह गया।
इसके बावजूद फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 429.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म अब तक 765.15 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है।
‘उड़ता तीर’ की कमाई में ज्यादा बदलाव नहीं
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी बनाए हुए है। फिल्म ने रिलीज के छठे दिन 2.65 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद सातवें दिन गुरुवार को 2.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यानी फिल्म की कमाई में मामूली गिरावट आई है। इसी के साथ इसका कुल कलेक्शन 31.25 करोड़ रुपये हो गया है।
‘नई नवेली’ का कलेक्शन लाखों में
यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ के लिए बॉक्स ऑफिस पर मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। फिल्म की रोजाना कमाई अब लाखों तक सीमित रह गई है। बुधवार और गुरुवार, दोनों दिन फिल्म ने करीब 25 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही इसका कुल कलेक्शन 25.80 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
‘प्रहार’ की कमाई में लगातार गिरावट
राजकुमार राव, वामिका गब्बी और जयदीप अहलावत की फिल्म ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ भी बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है। बुधवार को फिल्म ने 29 लाख रुपये कमाए थे। वहीं, रिलीज के 14वें दिन गुरुवार को इसका कलेक्शन घटकर 28 लाख रुपये रह गया। फिल्म की कुल कमाई अब 21.57 करोड़ रुपये हो चुकी है।
‘दृश्यम 3’ ने गुरुवार को कमाए 90 लाख
अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की कमाई में भी अब गिरावट का दौर दिखाई दे रहा है। फिल्म ने बुधवार को 90 लाख रुपये का कलेक्शन किया था और गुरुवार को भी इसकी कमाई इसी आंकड़े पर बनी रही। रिलीज के 28वें दिन फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 373 करोड़ रुपये हो गया है।
कुल मिलाकर गुरुवार के आंकड़े बताते हैं कि ‘जेलर 2’ बाकी फिल्मों के मुकाबले सबसे ज्यादा कमाई कर रही है। वहीं, ‘उड़ता तीर’ की कमाई में मामूली बदलाव आया है, जबकि बाकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।