बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित और मशहूर कोरियोग्राफर-फिल्ममेकर फराह खान जल्द ही सोनी मराठी के क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ में साथ नजर आने वाली हैं। शो के अपकमिंग एपिसोड में दोनों के बीच बॉलीवुड के पुराने दिनों, सितारों के डांस और कोरियोग्राफी को लेकर दिलचस्प बातचीत होगी। इस दौरान माधुरी ने सनी देओल और अजय देवगन के साथ एक ही फिल्म में डांस करने का किस्सा सुनाया, जिस पर फराह खान ने मजेदार अंदाज में कहा कि माधुरी इसके लिए मेडल की हकदार हैं।
बातचीत के दौरान फराह खान ने बताया कि आज के दौर में ज्यादातर एक्टर्स डांस करना जानते हैं, जबकि पहले ऐसा नहीं था। उन्होंने कहा, “आजकल लगभग सभी एक्टर्स डांस कर लेते हैं। पहले सिर्फ गोविंदा और अक्षय कुमार ही डांस किया करते थे।” इसके बाद दोनों ने जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर और सनी देओल जैसे कलाकारों के डांसिंग स्टाइल पर भी चर्चा की।
इसी बातचीत के बीच फराह ने माधुरी से पूछा कि क्या उन्होंने कभी सनी देओल के साथ डांस किया है? इस पर माधुरी ने खुलासा किया कि उन्होंने सनी देओल और अजय देवगन दोनों के साथ एक ही फिल्म में डांस किया था। वह फिल्म ‘ये रास्ते हैं प्यार के’ थी।
माधुरी की यह बात सुनकर फराह खान हैरान रह गईं और मजाकिया अंदाज में बोलीं, “आप तो मेडल की हकदार हैं! कोरियोग्राफी डिपार्टमेंट को आपको अवॉर्ड और मेडल भेजना चाहिए।” फराह यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने माधुरी से मजाक में यह भी पूछा कि डांस करते समय उन दोनों एक्टर्स ने कितनी बार उनके पैरों पर पैर रखा था।
इस सवाल पर हंसते हुए माधुरी ने जवाब दिया, “शुक्र है कि हमारे बीच थोड़ी दूरी थी, इसलिए ज्यादा परेशानी नहीं हुई।”
इसके बाद माधुरी ने फराह से पूछा कि क्या उन्होंने कभी किसी ऐसे कलाकार के साथ काम किया है, जिसे कोरियोग्राफ करना काफी मुश्किल रहा हो। इस पर फराह ने शाहरुख खान का उदाहरण देते हुए बताया कि वह मुश्किल से मुश्किल डांस स्टेप करने के लिए भी कभी मना नहीं करते।
फराह ने कहा, “कभी-कभी मैं शाहरुख को कोई मुश्किल स्टेप देती हूं, तो वह कभी मना नहीं करते। वह कहते हैं कि ठीक है, मैं कर लूंगा। इसके बाद वह उस स्टेप को इतना खराब करते हैं कि मुझे लगता है कि रुकिए, मुझे स्टेप बदलने दीजिए। लेकिन जब कोई कलाकार यह कहता है कि मैं यह स्टेप नहीं करना चाहता, यह बेकार है, तो इससे काफी निराशा होती है।”
माधुरी और फराह की यह मजेदार बातचीत शो में पुराने बॉलीवुड किस्सों और डांस से जुड़े कई दिलचस्प अनुभवों को सामने लाने वाली है। दोनों के बीच होने वाली हंसी-मजाक और बेबाक बातचीत दर्शकों के लिए खास होने वाली है।
बता दें कि ‘कौन होणार करोड़पति’ सोमवार से शनिवार रात 9 बजे सोनी मराठी और Sony LIV पर प्रसारित होता है।