टीवी दर्शकों के लिए COLORS एक नया शो ‘Queen’ लेकर आ रहा है, जिसमें सत्ता की ताकत, धोखे और बदले की दिलचस्प कहानी देखने को मिलेगी। यह एक पॉलिटिकल ड्रामा है, जिसमें एक आम लड़की की जिंदगी तब बदल जाती है, जब उसका सामना एक ताकतवर राजनीतिक परिवार से होता है। शो में शगुन शर्मा नीति के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, जाकिर हुसैन महेंद्र प्रताप सिंह तोमर, श्रुति सेठ अक्षरा तोमर और डेब्यू एक्टर कर्तव्य यादव राज तोमर की भूमिका निभाएंगे।
मंगल्य प्रोडक्शन के बैनर तले बन रहे इस शो की कहानी ग्वालियर की रहने वाली नीति के इर्द-गिर्द घूमती है। नीति एक मजबूत इरादों वाली लड़की है, जिसकी दुनिया उसकी बहनों और उनके भविष्य तक सीमित है। वह अपनी बहनों की सुरक्षा और खुशियों के लिए कुछ भी करने को तैयार रहती है। लेकिन हालात कुछ ऐसे बदलते हैं कि उसकी जिंदगी एक खतरनाक राजनीतिक खेल का हिस्सा बन जाती है।
कहानी में महेंद्र प्रताप सिंह तोमर एक महत्वाकांक्षी डिप्टी चीफ मिनिस्टर हैं, जो अपनी राजनीतिक छवि और परिवार की प्रतिष्ठा बचाने के लिए नीति की शादी अपने घर में करवाते हैं। लेकिन इस फैसले के बाद नीति की जिंदगी और मुश्किल हो जाती है। उसे ऐसे परिवार के बीच रहना पड़ता है, जहां सत्ता, राज और साजिशों का खेल चलता है। एक तरफ महेंद्र अपने राजनीतिक साम्राज्य को बचाने में जुटा है, तो दूसरी तरफ नीति की लड़ाई अपनी इज्जत, भविष्य और बहनों की सुरक्षा के लिए है।
शो में नीति का किरदार निभा रहीं शगुन शर्मा ने अपने रोल को लेकर कहा कि उन्हें इस किरदार की सबसे खास बात यह लगी कि नीति कभी ताकतवर बनने का सपना नहीं देखती, बल्कि हालात उसे अपनी अंदर छिपी ताकत पहचानने पर मजबूर कर देते हैं। वह अपनी बहनों से बेहद प्यार करती है और उनकी सुरक्षा के लिए अपनी खुशियां तक दांव पर लगाने को तैयार रहती है। शगुन के मुताबिक, चोट लगने के बावजूद नीति अपना आत्मसम्मान नहीं खोती। उनके लिए ‘Queen’ एक ऐसी महिला की कहानी है, जो मुश्किल हालात में भी अपने अधिकारों और पहचान के लिए लड़ती है।
वहीं, महेंद्र प्रताप सिंह तोमर का किरदार निभा रहे जाकिर हुसैन ने बताया कि उनका किरदार सत्ता को अच्छी तरह समझता है और जानता है कि उसका इस्तेमाल कैसे करना है। एक नेता के तौर पर महेंद्र अपनी सार्वजनिक छवि को लेकर काफी सतर्क रहता है, लेकिन बंद दरवाजों के पीछे उसकी असलियत अलग है। जाकिर के मुताबिक, यह शो दिखाएगा कि जब लोगों से ज्यादा सत्ता और प्रतिष्ठा जरूरी हो जाती है, तो उसकी कीमत आखिर किसे चुकानी पड़ती है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि नीति किस तरह इस ताकतवर राजनीतिक परिवार की साजिशों का सामना करती है और क्या वह अपने खिलाफ चल रहे खेल को पलटकर अपनी जिंदगी की कमान अपने हाथों में ले पाएगी।
‘Queen’ का प्रीमियर 16 नवंबर को रात 8:30 बजे COLORS और JioHotstar पर होगा। इसके बाद यह शो सोमवार से शुक्रवार प्रसारित किया जाएगा।