https://www.instagram.com/reel/Dft5BxequvG/?vrfl=cnJ3N3Q4aHU0cXR0
टीवी की मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर एक बार फिर रिश्तों की उलझनों और जिंदगी के बदलते नजरिए पर आधारित कहानी लेकर आ रही हैं। उनका नया शो ‘दिल की बेवफाइयां’ जल्द ही स्टार प्लस पर शुरू होने वाला है। इस शो में पहली बार गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की जोड़ी पर्दे पर साथ नजर आएगी। अब एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में बताया है कि आखिर उन्हें इस शो को बनाने का आइडिया कहां से आया।
बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बन रहे इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा की कहानी एक ऐसे सवाल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां दो लोग एक ही शादी में खुश होने के बावजूद जिंदगी से अलग-अलग उम्मीदें रखते हैं। शो 24 नवंबर को रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रीमियर होगा।
कहानी में श्रद्धा आर्या जानकी के किरदार में नजर आएंगी, जिसके लिए अपने पति मानव के साथ बिताए छोटे-छोटे पल ही खुशियों की वजह हैं। वहीं, गौरव खन्ना मानव का किरदार निभा रहे हैं। जिंदगी के एक पड़ाव पर पहुंचकर मानव खुद से सवाल करने लगता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है और जिंदगी में क्या नया अनुभव करना चाहता है।
शो के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई है कि सालों तक साथ जिंदगी बिताने वाले दो लोग भी अपने आने वाले कल को अलग-अलग नजरिए से देख सकते हैं। ऐसे में रिश्ते में प्यार और अपनापन होने के बावजूद उनकी इच्छाएं और उम्मीदें अलग हो सकती हैं।
शो के कॉन्सेप्ट पर बात करते हुए एकता कपूर ने कहा कि हर इंसान की जिंदगी में उत्साह और स्थिरता के बीच एक उलझन रहती है। हम नई चीजें करने का रोमांच भी चाहते हैं और साथ ही उस जगह का सुकून भी, जहां हम खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। जब जिंदगी स्थिर हो जाती है तो कभी-कभी बोरिंग लगने लगती है, जबकि कुछ नया करने में उत्साह तो मिलता है, लेकिन स्थिरता की कमी महसूस हो सकती है।
एकता ने आगे बताया कि वह इसी सोच को मानव के किरदार के जरिए पर्दे पर दिखाना चाहती थीं। मानव जिंदगी के उस मोड़ पर है, जहां वह रुककर सोचता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है। दूसरी तरफ जानकी अपने साथ बनाए गए परिवार और जिंदगी में खुश है। एकता का कहना है कि वह इन दोनों नजरियों को एक साथ दिखाना चाहती थीं और यह समझना चाहती थीं कि जब एक रिश्ते में रहने वाले दो लोगों की इच्छाएं अलग हों, तो उनके बीच किस तरह की बातचीत और परिस्थितियां पैदा होती हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की यह नई जोड़ी दर्शकों को कितनी पसंद आती है और ‘दिल की बेवफाइयां’ रिश्तों की इस कहानी के जरिए टीवी दर्शकों से कितना जुड़ पाता है।