टीवी अभिनेता गौरव खन्ना जल्द ही स्टार प्लस के अपकमिंग शो ‘दिल की बेवफाइयां’ से डेली फिक्शन में वापसी करने जा रहे हैं। इस शो में वह श्रद्धा आर्या के साथ मानव के किरदार में नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस शो के जरिए गौरव पहली बार प्रोड्यूसर एकता कपूर के साथ काम करने जा रहे हैं। इसी बीच अभिनेता ने अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जो करीब 20 साल पुराना है।
गौरव ने बताया कि लगभग दो दशक पहले वह एकता कपूर के ऑफिस गए थे। उस समय उनके पास काम की तलाश थी और वह एकता के प्रोडक्शन हाउस में ऑडिशन देने का मौका चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अपने फोटोग्राफ्स भी ऑफिस में जमा करवाए थे। हालांकि, उस वक्त उनकी मुलाकात एकता कपूर से नहीं हो पाई और उन्हें ऑफिस के गार्ड से ही जवाब मिला।
गौरव के मुताबिक, गार्ड ने उनसे कहा था, ‘जरूरत होगी तो बुला लेंगे।’ उस समय अभिनेता ने शायद ही सोचा होगा कि आने वाले सालों में उनकी पहचान और मुकाम पूरी तरह बदल जाएगा और एक दिन वह खुद एकता कपूर के साथ काम करेंगे।
अभिनेता ने बताया कि जब कई साल बाद उन्होंने यह पुराना किस्सा एकता कपूर को सुनाया, तो उनका जवाब सुनकर वह काफी खुश हुए। एकता ने उनसे कहा, ‘गौरव, आप सुपरस्टार हैं। जब चाहें आ सकते हैं।’ एकता का यह जवाब गौरव के लिए बेहद खास था, क्योंकि कभी जिस ऑफिस में उन्हें इंतजार करने के बाद भी मौका नहीं मिला था, आज उसी प्रोडक्शन हाउस के साथ वह अपने नए शो की शुरुआत करने जा रहे हैं।
अब करीब 20 साल बाद गौरव खन्ना आखिरकार एकता कपूर के साथ ‘दिल की बेवफाइयां’ में काम करने के लिए तैयार हैं। यह शो उनके लिए डेली फिक्शन में वापसी का भी खास मौका है। इसमें श्रद्धा आर्या फीमेल लीड के रूप में नजर आएंगी।
गौरव का यह सफर दिखाता है कि वक्त के साथ परिस्थितियां किस तरह बदल सकती हैं। कभी ऑडिशन के मौके की उम्मीद में अपने फोटोग्राफ्स छोड़कर आने वाले गौरव आज एकता कपूर के अपकमिंग शो में मुख्य भूमिका निभाने जा रहे हैं। उनका यह पुराना किस्सा संघर्ष, धैर्य और सफलता की एक दिलचस्प मिसाल है।