हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस आशा पारेख हाल ही में फिल्म ‘RAQS’ के प्रीमियर में शामिल हुईं। इस खास मौके पर उन्हें अपनी दिवंगत दोस्त और एक्ट्रेस शम्मी की याद आ गई। फिल्ममेकर इकबाल रिजवी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के प्रीमियर ने आशा पारेख को पुरानी यादों में पहुंचा दिया। दरअसल, इकबाल रिजवी शम्मी के बेटे हैं और यह उनकी निर्देशित फिल्म है। ऐसे में आशा पारेख ने शम्मी को याद करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर कीं।
शम्मी को याद कर भावुक हुईं आशा पारेख
प्रीमियर के दौरान आशा पारेख ने शम्मी के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि शम्मी के साथ उनका समय बेहद अच्छा रहा था और वह आज भी उन्हें बहुत याद करती हैं। आशा पारेख ने भावुक होते हुए कहा, “उनके साथ बिताया गया समय बहुत अच्छा था। मैं उन्हें याद करती हूं। वह समय वाकई बहुत अच्छा था। मुझे यह देखकर खुशी हो रही है। काश, वह आज यहां होतीं।”
आशा पारेख की बातों से साफ था कि शम्मी के साथ उनकी दोस्ती कितनी खास थी। वह चाहती थीं कि शम्मी अपने बेटे की इस उपलब्धि को अपनी आंखों से देख पातीं।

‘RAQS’ की कहानी और निर्देशन की तारीफ की
आशा पारेख ने फिल्म ‘RAQS’ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने और इससे प्रेरणा लेने की अपील की। फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “‘RAQS’ बहुत अच्छी फिल्म है। लोगों को इसे देखना चाहिए और इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। इकबाल रिजवी ने इसका निर्देशन बहुत अच्छे तरीके से किया है। इसकी कहानी बहुत अच्छी है और बच्चों ने भी शानदार काम किया है।”
200 से ज्यादा फिल्मों में किया था काम
बता दें कि शम्मी का असली नाम नरगिस रबाड़ी था। हिंदी सिनेमा में उन्हें प्यार से ‘शम्मी आंटी’ भी कहा जाता था। उन्होंने अपने लंबे करियर में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उनकी लोकप्रिय फिल्मों में ‘हाफ टिकट’, ‘जब जब फूल खिले’ और ‘हम साथ साथ हैं’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
फिल्मों के अलावा शम्मी ने टेलीविजन पर भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। वह ‘देख भाई देख’ और ‘श्रीमान श्रीमती’ जैसे लोकप्रिय शोज में नजर आई थीं। शम्मी का 6 मार्च 2018 को मुंबई में 88 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।
आशा पारेख और शम्मी ने ‘दिल देके देखो’ और ‘तीसरी मंजिल’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया था। फिल्मों के दौरान शुरू हुई उनकी दोस्ती सालों तक कायम रही।
18 नवंबर को हुई ‘RAQS’ की स्पेशल स्क्रीनिंग
फिल्म ‘RAQS’ की स्पेशल स्क्रीनिंग 18 नवंबर 2026 को मुंबई के अंधेरी स्थित रेड बल्ब स्टूडियो में आयोजित की गई थी। इस मौके पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। फिल्म को मनबीना संधू ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन इकबाल रिजवी ने किया है।
यह एक इंडो-कैनेडियन प्रोजेक्ट है, जिसमें अलग-अलग क्रिएटिव सोच के जरिए एक सामाजिक मुद्दे से जुड़ी कहानी पेश की गई है। फिल्म की स्क्रीनिंग का यह खास मौका सिनेमा, कहानी और शम्मी की यादों को समर्पित रहा।