मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। सोनाक्षी का जन्म 2 जून 1987 को बिहार के पटना में हुआ था। सोनाक्षी राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा की बेटी हैं। सोनाक्षी ने बॉलीवुड में अपना करियर 2005 में फिल्म ‘मेरा दिल लेके देखो’ से बतौर कॉस्ट्यूम डिजाइनर शुरू किया था। यह बात बहुत कम लोगों को पता होगी। इस फिल्म की प्रोड्यूसर उनकी मां पूनम सिन्हा थीं। इसके बाद सोनाक्षी ने 2010 में सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ से फिल्मों में एंट्री की थी, जिसके लिए उन्हें फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार भी मिला था। वहीं सोनाक्षी का एक डायलॉग ‘थप्पड़ से डर नहीं लगता साहब प्यार से लगता है’ खूब वायरल हुआ था। आज सोनाक्षी सिन्हा बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में से एक हैं।
‘मिशन मंगल’-‘दबंग 3’ जैसी फिल्मों ने दिलाई सफलता
हाल ही में सोनाक्षी संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज़ हीरामंडी और अमेज़न प्राइम की थ्रिलर सीरीज़ दहाड़ में अपने अभिनय के लिए सराही गई हैं। 2023 में अमेज़न प्राइम की वेब सीरीज़ दहाड़ के लिए उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड भी मिला। 2024 में नेटफ्लिक्स की पीरियड ड्रामा सीरीज़ हीरामंडी में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, सोनाक्षी के करियर में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिले। उन्होंने अपने करियर में लगभग 32 फिल्मों में काम किया है, जिनमें से 26 में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई। इनमें से 7 फिल्में हिट रहीं, 16 फ्लॉप और 2 एवरेज थीं। 2013 में ‘लुटेरा’ जैसी फिल्म में उनके अभिनय की सराहना हुई। लेकिन, इसके बाद कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रहीं। 2019 में ‘मिशन मंगल’ और ‘दबंग 3’ जैसी फिल्मों ने फिर से उन्हें सफलता दिलाई। इसके अलावा, उन्होंने 2015 में ‘आज मूड इश्कहोलिक है’ गाने से सिंगिंग में भी कदम रखा।
शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी को किया बर्थडे विश
सोनाक्षी सिन्हा ने अपना बर्थडे पति जहीर इकबाल और खास दोस्तों संग शानदार अंदाज में सेलिब्रेट किया है। एक्ट्रेस ने वीडियो शेयर कर इसकी झलक भी दिखाई है। वहीं दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर अपनी बेटी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्ट्रेस की बचपन की अनदेखी तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने लिखा, “हमारी अमेजिंग, प्यारी और वंडरफुल बेटी सोनाक्षी को शानदार दिन की शुभकामनाएं। परिवार और अपनों के बीच आपको लव, जॉय और हंसी मिले। आपका दिन आपके जैसा ही खास हो। जन्मदिन मुबारक। इस पोस्ट में छोटी सोनाक्षी सिन्हा अपने पिता शत्रुघ्न सिन्हा की गोद में बैठी हैं, उनके साथ उनके बड़े जुड़वां भाई लव और कुश भी हैं।
सोनाक्षी सिन्हा पर्सनल लाइफ
पर्सनल लाइफ की बात करें तो सोनाक्षी ने 23 जून 2024 को अभिनेता जहीर इकबाल से शादी की। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने सात साल तक एक-दूसरे को डेट किया था। फिर दोनों ने एक सादे तरीके से रजिस्टर्ड शादी का ऑप्शन चुना था, जिसके बाद इन्होंने मुंबई में एक शानदार रिसेप्शन होस्ट किया था।