कभी झोपड़ी में जिंदगी गुज़ारने वाली और महाकुंभ मेले में माला बेचने वाली मोनालिसा की किस्मत ने ऐसी करवट ली कि आज उनका नाम बॉलीवुड और अब साउथ इंडस्ट्री तक गूंज रहा है।
मलयालम फिल्मों में एंट्री
बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स के बाद अब मोनालिसा मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रही हैं। उनकी पहली साउथ फिल्म का नाम है ‘नागम्मा’ जिसका शुभारंभ हाल ही में कोच्चि में पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस फिल्म में मोनालिसा के अपोज़िट नज़र आएंगे एक्टर कैलाश जिन्हें नीलाथमारा जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए सराहा जा चुका है।
फिल्म का निर्देशन और टीम
‘नागम्मा’ का निर्देशन कर रहे हैं बीनू वर्गीस जबकि फिल्म का निर्माण जीली जॉर्ज कर रहे हैं। पूजा के मौके पर मशहूर फिल्ममेकर सिबी मलयिल भी मौजूद रहे जिन्होंने इस प्रोजेक्ट की सफलता की कामना की। माना जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग सितंबर के आखिर तक शुरू हो जाएगी।
मोनालिसा का सफर
मोनालिसा की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं। कभी महाकुंभ मेले में माला बेचकर चर्चा में आईं तो उनकी खूबसूरती और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वो रातोंरात सुर्खियों में छा गईं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स मिले और अब मलयालम सिनेमा में डेब्यू करना उनकी जिंदगी का बड़ा मोड़ है।
क्यों है खास?
जहां कल तक मोनालिसा आम लोगों के बीच एक साधारण लड़की थीं तो वहीं आज वो एक सेलिब्रिटी लाइफ जी रही हैं। उनका यह नया प्रोजेक्ट इस बात का सबूत है कि सही वक्त और मेहनत इंसान की तकदीर पूरी तरह बदल सकता है।