मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें बर्थडे विश किया है। बात करें उनके करियर की तो अनुष्का शर्मा की यात्रा एक प्रेरणादायक कहानी है। उन्होंने मेहनत और समर्पण से बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है। अनुष्का शर्मा का जन्म 1 मई 1988 को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हुआ था। उनके पिता भारतीय सेना में अधिकारी थे और उनकी मां एक गृहिणी हैं। उनका पालन-पोषण बेंगलुरु में हुआ, जहां उन्होंने माउंट कार्मेल कॉलेज से पढ़ाई की। वह बचपन से ही मॉडलिंग या पत्रकारिता में करियर बनाना चाहती थीं और उनका ये सपना पूरा भी हुआ।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का मिल चुका है पुरस्कार
अनुष्का ने अपने करियर की शुरुआत 2007 में फैशन डिजाइनर वेंडेल रॉड्रिक्स के लिए मॉडलिंग से की। इसके बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया और 2008 में यशराज फिल्म्स की ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से शाहरुख खान के साथ अभिनय की शुरुआत की। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। इसके बाद उन्होंने ‘बैंड बाजा बारात’, ‘जब तक है जान’ , ‘एनएच10’ , ‘सुल्तान’ , ‘पीके’ , ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘सुई धागा’ और ‘संजू’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया। ‘जब तक है जान’ में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें फ़िल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
अनुष्का शर्मा 2010 में फोर्ब्स इंडिया की सेलिब्रिटी 100 में दिखाई दी थीं। इसके अलावा उन्हें 2018 की फोर्ब्स एशिया की 30 अंडर 30 सूची में शामिल किया गया था। अयोध्या में जन्मी और बेंगलुरु में पली-बढ़ी अनुष्का का पहला मॉडलिंग असाइनमेंट 2007 में फैशन डिजाइनर वेंडेल रॉड्रिक्स के लिए किया था।
ब्रांड एंडोर्समेंट और अपने बच्चों की परवरिश में व्यस्त हैं अनुष्का शर्मा
वहीं अनुष्का शर्मा ने 11 दिसंबर 2017 को भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली संग शादी के बंधन में बंधी। उनके दो बच्चे हैं, उनकी बेटी वामिका और बेटा अकाय। फिलहाल अनुष्का फिल्मों से दूरी बनाए हुए हैं। वर्तमान में वह ब्रांड एंडोर्समेंट और अपने बच्चों की परवरिश में व्यस्त हैं। साथ ही अनुष्का शर्मा को अक्सर मैच के दौरान क्रिकेट स्टेडियम में विराट कोहली को चीयर करते देखा जाता है। जब भी वह मैदान में होती हैं तो चर्चा का विषय बन जाती हैं।