बिग बॉस फेम अर्चना गौतम ने अपने मुंबई स्थित कैफे ‘Oye Churros’ में हुई चोरी को लेकर खुलकर बात की है। एक्ट्रेस ने बताया कि कैफे से करीब 20 से 25 हजार रुपये कैश चोरी हुआ है। इसके अलावा चोर कैश काउंटर भी अपने साथ ले गया, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
अर्चना के मुताबिक, चोरी की घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि चोर ने इसे काफी सोच-समझकर अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि चोर अपने साथ एक बड़ा डंडा लेकर आया था और रात में कैफे के बाहर सोया था। इसके बाद उसने दिन के समय चोरी की।
अर्चना ने बताया कि चोर ने चोरी करने के लिए सही समय का पूरा ध्यान रखा था। उनके मुताबिक, आरोपी ने पहले से ही पूरी प्लानिंग कर रखी थी और मौका देखकर कैफे को निशाना बनाया।
उन्होंने यह भी बताया कि चोर के पास एक काफी बड़ा डंडा था, जिसकी वजह से मामला और चिंताजनक हो गया था। अर्चना के मुताबिक, अगर कोई उसे पकड़ने की कोशिश करता तो वह उस डंडे का इस्तेमाल नुकसान पहुंचाने के लिए कर सकता था।
अर्चना ने दर्ज कराई FIR
कैफे में चोरी के बाद अर्चना गौतम ने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई। हालांकि, एक्ट्रेस ने बताया कि पुलिस ने शुरुआत में उन्हें CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर शेयर न करने की सलाह दी थी।
अर्चना के मुताबिक, पुलिस ने उनसे कहा था कि CCTV वीडियो सार्वजनिक करने से चोर सतर्क हो सकता है और फरार हो सकता है। इसलिए उन्होंने शुरुआत में पुलिस की बात मानते हुए फुटेज शेयर नहीं किया।
लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब आरोपी पकड़ा नहीं गया, तो अर्चना ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर और CCTV फुटेज शेयर करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि अगर चोर को पकड़ा जाना होता तो अब तक पुलिस उसे पकड़ लेती।
अर्चना ने यह भी बताया कि उन्होंने पुलिस से संपर्क किया था और उन्हें जानकारी दी गई कि मामले की जांच अभी जारी है।
CCTV फुटेज शेयर करने की वजह बताई
अर्चना ने साफ किया कि CCTV फुटेज शेयर करने का उनका मकसद पुलिस की मदद करना और लोगों से जानकारी हासिल करना था। उन्हें उम्मीद थी कि शायद कोई व्यक्ति आरोपी को पहचानता हो या उसके बारे में कोई सुराग दे सके।
एक्ट्रेस ने कहा कि वह हाथ पर हाथ रखकर बैठने वाली नहीं हैं। CCTV फुटेज शेयर करना उनके लिए फैंस और आसपास के लोगों से मदद मांगने का एक तरीका था। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसी के पास आरोपी से जुड़ा कोई क्लू हो सकता है, जिससे उसे पहचानने में मदद मिले।
इससे पहले भी अर्चना ने सोशल मीडिया पर चोरी की CCTV फुटेज शेयर करते हुए लोगों से सतर्क रहने और अपने घरों व बिजनेस की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की थी।