टीवी एक्टर और होस्ट करण वाही ने ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री करने की खबरों पर सफाई दी है। करण ने साफ कर दिया है कि वह इस सीजन में शो का हिस्सा नहीं बनने वाले हैं। दरअसल, उनकी एक इंस्टाग्राम स्टोरी के बाद शो में उनकी एंट्री को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। खास बात यह है कि उनकी एक्स गर्लफ्रेंड उदिति सिंह पहले से ही बिग बॉस के घर में कंटेस्टेंट हैं।
करण वाही ने UNO पोस्ट पर दी सफाई
करण वाही ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी ए क्वेश्चन’ सेशन के दौरान वाइल्डकार्ड एंट्री की खबरों पर जवाब दिया। एक फैन ने उनसे कहा कि वह बिग बॉस में वाइल्डकार्ड एंट्री लेने वाले हैं।
इस पर करण ने बताया कि उनकी UNO कार्ड वाली स्टोरी का बिग बॉस से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने कहा, “मैं UNO और उसमें अपने फेवरेट कार्ड के बारे में बात कर रहा था।”
फैंस द्वारा उनकी पोस्ट का दूसरा मतलब निकालने पर करण ने मजाकिया अंदाज में कहा, “एक तो तुम लोगों को भी चिल नहीं है ना। हर चीज का तुमको मतलब कुछ और बनाना होता है।”
करण ने आगे वाइल्डकार्ड एंट्री की खबरों को खारिज करते हुए कहा, “मैं बिग बॉस में नहीं आ रहा हूं। मैं अब इससे बाहर हूं। इस सोच को यहीं खत्म कर देते हैं। मैं बिग बॉस में नहीं आ रहा हूं, कम से कम इस साल तो नहीं।”
कैसे शुरू हुईं वाइल्डकार्ड एंट्री की खबरें?
करण वाही ने सितंबर में अपने इंस्टाग्राम पर UNO कार्ड्स के साथ एक स्टोरी शेयर की थी। इस तस्वीर में उनके चेहरे के पास एक कार्ड नजर आ रहा था, जिस पर उन्होंने लिखा था, “UNO में मेरा फेवरेट कार्ड- वाइल्ड कार्ड।”
इसी पोस्ट को देखकर फैंस ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि करण जल्द ही ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट बनकर एंट्री कर सकते हैं।
इन अटकलों को इसलिए भी हवा मिली क्योंकि करण की एक्स गर्लफ्रेंड उदिति सिंह इस समय शो में कंटेस्टेंट हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों करीब ढाई साल तक रिलेशनशिप में रहे थे और 2022 में उनका ब्रेकअप हो गया था। उदिति बिग बॉस के घर में भी अपने रिश्ते को लेकर बात कर चुकी हैं।
इससे पहले सितंबर में करण अपने ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के को-कंटेस्टेंट अविनाश मिश्रा के व्लॉग में नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने बिग बॉस में जाने की संभावना पर बात की थी।
करण ने कहा था, “हो सकता है कि इसके बाद आप मुझे बिग बॉस के घर में देखें।”
उन्होंने आगे कहा था कि वह सुर्खियों में रहना चाहते हैं और अगर वह खतरों के खिलाड़ी के फिनाले में पहुंचते हैं, तो उसके बाद बिग बॉस में जाने या न जाने का फैसला करेंगे।
उदिति सिंह ने करण की एंट्री पर क्या कहा था?
बिग बॉस 20 के घर में उदिति सिंह ने भी करण वाही की संभावित एंट्री को लेकर बात की थी। माहि विज, काजी तौकीर और अमन गांधी के साथ बातचीत के दौरान उदिति ने कहा था कि अगर करण शो में आते भी, तो उनके लिए वह बाकी कंटेस्टेंट्स की तरह ही होते।
उदिति ने कहा था, “वो साथ भी आ जाता तो मेरे लिए किसी दूसरे कंटेस्टेंट जैसा ही होता।”
उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि अगर करण को शो में आना ही था, तो वह शुरुआत से क्यों नहीं आए और वाइल्डकार्ड के तौर पर एंट्री क्यों लेते।
उदिति ने अपने ब्रेकअप के बारे में भी बात की थी। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में यह उनके लिए काफी मुश्किल और भावनात्मक दौर था, लेकिन अब वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं।
करण वाही का टीवी करियर
करण वाही टीवी के जाने-माने एक्टर, होस्ट और पूर्व मॉडल हैं। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत शो ‘रीमिक्स’ से की थी, जिसमें उन्होंने रणवीर सिसोदिया का किरदार निभाया था।
इसके बाद वह ‘दिल मिल गए’ में डॉ. सिद्धांत ‘सिड’ मोदी के रोल से काफी पॉपुलर हुए। करण ‘बात हमारी पक्की है’, ‘कुछ तो लोग कहेंगे’ और ‘मेरे घर आई एक नन्ही परी’ जैसे शोज में भी नजर आ चुके हैं।
रियलिटी शोज की बात करें तो करण ‘झलक दिखला जा 5’ और ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ में हिस्सा ले चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘नच बलिए’, ‘डांस इंडिया डांस सुपर मॉम्स’ और ‘इंडियन आइडल’ जैसे शोज को भी होस्ट किया है।