सोनी सब के शो ‘क्योंकि पापा कहते हैं’ के आने वाले एपिसोड में दर्शकों को एक मजेदार ट्विस्ट देखने को मिलेगा। पवन और रतन काका परिवार को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालने के लिए एक खास प्लान बनाते हैं, लेकिन जस्सी उनकी पूरी योजना पर पानी फेर देती है। उसकी एक चाल से पूरा परिवार हैरान रह जाता है।
यश और ममता पटनायक के प्रोडक्शन हाउस इंस्पायर फिल्म्स के बैनर तले बन रहे इस शो में पवन और रतन काका परिवार के बीच बढ़ती दूरियों को महसूस करते हैं। दोनों देखते हैं कि घर के सभी सदस्य अपना ज्यादातर समय मोबाइल फोन पर बिताते हैं। हर कोई अपनी स्क्रीन में इतना व्यस्त रहता है कि एक-दूसरे के साथ बातचीत और समय बिताने पर ध्यान ही नहीं देता।
परिवार की इस आदत को बदलने और सभी को साथ समय बिताने का महत्व समझाने के लिए पवन और रतन काका 24 घंटे का Mobile Detox Challenge शुरू करने का फैसला करते हैं। शुरुआत में परिवार के सदस्य अपने फोन से दूर रहने के लिए तैयार नहीं होते, लेकिन बाद में सभी इस चैलेंज में हिस्सा लेने के लिए राजी हो जाते हैं।
इसके बाद सभी अपने मोबाइल फोन निकालकर जस्सी के बैग में रख देते हैं। पवन और रतन काका को लगता है कि उनका प्लान सफल हो गया है। लेकिन तभी कहानी में मजेदार ट्विस्ट आता है। सभी परिवार वालों से आंखें बंद करके दस तक गिनने के लिए कहा जाता है। इसी मौके का फायदा उठाकर जस्सी मोबाइल फोन से भरा बैग लेकर वहां से गायब हो जाती है।
जब परिवार के सदस्य आंखें खोलते हैं, तो जस्सी और मोबाइल फोन से भरा बैग दोनों गायब मिलते हैं। यह देखकर सभी के होश उड़ जाते हैं। जिस चैलेंज के जरिए पवन और रतन काका परिवार को एक साथ लाना चाहते थे, वही अब उनके लिए नई मुसीबत बन जाता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि पवन और रतन काका जस्सी से सभी मोबाइल फोन वापस कैसे हासिल करेंगे और जब परिवार को पता चलेगा कि जस्सी ने सबको चकमा दे दिया है, तो उनका क्या रिएक्शन होगा।