कलर्स टीवी का चर्चित रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी करने के लिए तैयार है। चैनल ने सोशल मीडिया के जरिए शो की वापसी की पुष्टि कर दी है। वहीं, शो के कंटेस्टेंट्स को लेकर भी लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं। पहले खबर आई थी कि टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी ‘पति पत्नी और पंगा 2’ का हिस्सा बनेंगे। अब एक और लोकप्रिय टीवी कपल की शो में एंट्री की खबर सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शब्बीर अहलूवालिया और कांची कौल भी ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में हिस्सा ले सकते हैं। दोनों टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में शामिल हैं और लंबे समय से एक-दूसरे के साथ हैं।
शब्बीर और कांची की जोड़ी आएगी नजर
शब्बीर अहलूवालिया और कांची कौल की पहली मुलाकात साल 2007 में हुई थी। इसके बाद दोनों ने करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट किया। 27 नवंबर 2011 को शब्बीर और कांची ने शादी कर ली थी। अब दोनों एक साथ रियलिटी शो में नजर आने वाले हैं।
‘पति पत्नी और पंगा 2’ में उनकी भागीदारी हुई तो यह पहली बार होगा जब शब्बीर और कांची बतौर कपल किसी रिलेशनशिप आधारित रियलिटी शो में साथ नजर आएंगे। शो में सेलिब्रिटी कपल्स के बीच रिश्तों, आपसी तालमेल और अलग-अलग चुनौतियों को दिखाया जाएगा।
कलर्स ने की शो की वापसी की पुष्टि
कलर्स ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर ‘पति पत्नी और पंगा’ के दूसरे सीजन की वापसी की जानकारी साझा की थी। हालांकि, चैनल ने अभी तक शो में शामिल होने वाले सभी कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है। इसके अलावा शो के प्रोडक्शन शेड्यूल और प्रीमियर डेट की घोषणा भी अभी बाकी है।
शो के पहले सीजन में सेलिब्रिटी कपल्स ने रिश्तों पर आधारित कई चुनौतियों में हिस्सा लिया था। पहले सीजन को सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारूकी ने होस्ट किया था। अब दूसरे सीजन में अर्जुन बिजलानी-नेहा स्वामी और शब्बीर अहलूवालिया-कांची कौल जैसे चर्चित कपल्स के शामिल होने की खबरों ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।