शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म ने विदेशी बाजार में एक बड़ी डील हासिल की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के ओवरसीज थिएट्रिकल राइट्स 175 करोड़ रुपये में बिके हैं। इसे किसी भारतीय फिल्म के विदेशी थिएट्रिकल राइट्स की अब तक की सबसे बड़ी डील बताया जा रहा है।
हालांकि, इतनी बड़ी रकम में राइट्स बिकने के बाद फिल्म के सामने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने की चुनौती भी होगी। अब देखना होगा कि शाहरुख खान की यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय बाजार में कितनी कमाई कर पाती है।
‘फार्स फिल्म्स’ ने खरीदे 175 करोड़ में ओवरसीज राइट्स
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘फार्स फिल्म्स’ ने शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये यानी 18 मिलियन डॉलर से ज्यादा में खरीदे हैं। यह भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी डील मानी जा रही है।
इससे पहले शाहरुख खान की फिल्मों की विदेशी रिलीज की जिम्मेदारी ज्यादातर यशराज फिल्म्स संभालता रहा है। YRF ने ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सफलतापूर्वक रिलीज किया था। वहीं, फार्स फिल्म्स भी विदेशी बाजार में जाना-पहचाना नाम है। कंपनी पहले YRF के साथ कई फिल्मों के लिए काम कर चुकी है और प्रभास की फिल्म ‘साहो’ को स्वतंत्र रूप से डिस्ट्रीब्यूट कर चुकी है।
क्या होती है मिनिमम गारंटी?
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘किंग’ के लिए फार्स फिल्म्स ने 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी दी है। दरअसल, मिनिमम गारंटी वह तय रकम होती है, जिसे डिस्ट्रीब्यूटर फिल्म के राइट्स खरीदने के बदले मेकर्स को देने का वादा करता है। इसके बाद डिस्ट्रीब्यूटर विदेशी बाजार में फिल्म को रिलीज करके अपनी लागत निकालने और मुनाफा कमाने की कोशिश करता है।
ब्रेक-ईवन के लिए करनी होगी 375 करोड़ तक कमाई
अब सवाल है कि 175 करोड़ रुपये की इस डील के बाद ‘किंग’ को विदेशों में कितनी कमाई करनी होगी? रिपोर्ट के मुताबिक, अगर विदेशी डिस्ट्रीब्यूटर को बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा मिलता है, तो उसे अपनी लागत निकालने के लिए लगभग 37 से 40 मिलियन डॉलर यानी करीब 350 से 375 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करना होगा।
शाहरुख की पिछली फिल्मों ‘पठान’ और ‘जवान’ ने विदेशी बाजार में करीब 400 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं, ‘धुरंधर 2’ और ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों के विदेशी कलेक्शन भी इस रेस में बड़े आंकड़े पेश करते हैं। ऐसे में ‘किंग’ के सामने इन फिल्मों के प्रदर्शन के आसपास पहुंचने की चुनौती होगी।
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और सौरभ शुक्ला नजर आएंगे। फिल्म की सबसे खास बात यह है कि शाहरुख पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
हॉलीवुड फिल्मों से भी होगा मुकाबला
‘किंग’ 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। विदेशी बाजार में इसका मुकाबला ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’, ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ और ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ जैसी बड़ी हॉलीवुड फिल्मों से भी होगा।
ऐसे में क्रिसमस के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। अब सभी की नजरें शाहरुख खान की ‘किंग’ पर टिकी हैं कि क्या यह फिल्म विदेशी बाजार में अपनी रिकॉर्डतोड़ डील को बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलता में बदल पाएगी।