साउथ सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ बिजनेस को लेकर भी चर्चा में हैं। एक तरफ वह अपनी हालिया फिल्म ‘मा इंटी बंगाराम’ की सफलता का आनंद ले रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उनका परफ्यूम ब्रांड ‘सीक्रेट अल्केमिस्ट’ भी शानदार प्रदर्शन कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सामंथा के इस ब्रांड ने पिछले आठ महीनों में आठ गुना ग्रोथ दर्ज की है और करीब 120 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का आंकड़ा पार कर लिया है।
दिलचस्प बात यह है कि इस ब्रांड की शुरुआत के पीछे सामंथा का अपना हेल्थ एक्सपीरियंस और निजी संघर्ष रहा है। एक समय ऐसा था जब एक्ट्रेस को अपनी बीमारी के कारण करीब दो साल तक परफ्यूम से दूरी बनानी पड़ी थी। अब उसी अनुभव ने उन्हें अपना परफ्यूम ब्रांड शुरू करने की प्रेरणा दी।
मायोसाइटिस ने बदल दिया सामंथा का नजरिया
मासूम मिनावाला के साथ बातचीत में सामंथा ने अपनी बीमारी और उससे मिली सीख के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि मायोसाइटिस से जूझने के दौरान उन्हें अपनी जिंदगी और पहचान को नए नजरिए से देखने का मौका मिला।
एक्ट्रेस ने कहा कि बीमारी के समय उनके मन में एक बड़ा सवाल आया कि जब वह काम नहीं कर रही होती हैं, तब उनकी पहचान क्या होती है। इस अनुभव ने उन्हें समझाया कि एक इंसान के तौर पर उनकी अहमियत सिर्फ उनके काम से तय नहीं होती। इस सोच का असर उनके निजी और बिजनेस से जुड़े फैसलों पर भी पड़ा।
डॉक्टर की सलाह के बाद दो साल तक नहीं लगाया परफ्यूम
सामंथा ने बताया कि बीमारी के दौरान उनके डॉक्टर ने उन्हें अपनी लाइफस्टाइल और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स को लेकर ज्यादा सावधान रहने की सलाह दी थी। डॉक्टर ने खासतौर पर प्रोडक्ट्स के इंग्रीडिएंट्स और लेबल पढ़ने के लिए कहा था।
एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्हें तब एहसास हुआ कि पारंपरिक परफ्यूम में कई तरह के केमिकल्स इस्तेमाल किए जाते हैं। इसके बाद उन्होंने करीब दो साल तक परफ्यूम का इस्तेमाल बंद कर दिया।
हालांकि, बाद में उन्होंने दोबारा खुशबू का इस्तेमाल शुरू किया, लेकिन तब तक उनका नजरिया बदल चुका था। उस दौरान वह ‘सीक्रेट अल्केमिस्ट’ के अरोमाथेरेपी ब्लेंड्स इस्तेमाल कर रही थीं, जो उन्हें काफी पसंद आए।
ऐसे शुरू हुआ सीक्रेट अल्केमिस्ट ब्रांड
सामंथा ने अंकिता थदानी और आकाश वालिया के साथ मिलकर ‘सीक्रेट अल्केमिस्ट’ की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि बेहतर प्रोडक्ट्स की तलाश ने उन्हें खुद का ब्रांड बनाने के लिए प्रेरित किया।
सामंथा ने अंकिता के सामने अपना आइडिया रखा, जिसके बाद इस पर काम शुरू हुआ। एक्ट्रेस ने कहा कि खुशबू की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया गया। उनके लिए प्रोडक्ट का क्लीन होना एक अतिरिक्त खूबी है, लेकिन सबसे जरूरी उसकी खुशबू और क्वालिटी है।
पहली बिजनेस पार्टनरशिप रही थी असफल
सामंथा ने अपने बिजनेस सफर की असफलताओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उनकी पहली बिजनेस पार्टनरशिप सफल नहीं रही थी। हालांकि, उनका मानना है कि असफलताएं इंसान को सफलता से ज्यादा सिखाती हैं।
उन्होंने कहा कि उनके कई प्रोजेक्ट्स असफल हुए और कई बार उन्हें लगा कि सब कुछ छोड़ देना चाहिए। लेकिन हर अनुभव ने उन्हें आगे बढ़ने और बेहतर फैसले लेने में मदद की।
इन बिजनेस वेंचर्स से भी जुड़ी हैं सामंथा
‘सीक्रेट अल्केमिस्ट’ के अलावा सामंथा कई दूसरे बिजनेस वेंचर्स से भी जुड़ी हैं। वह ‘साकी’ (Saaki) की को-फाउंडर हैं, जो महिलाओं के लिए फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड है। इसके अलावा वह ‘Mile Collective’ और सप्लीमेंट ब्रांड ‘Gataca’ से भी जुड़ी हुई हैं।
इस तरह सामंथा फिल्मों के साथ-साथ बिजनेस की दुनिया में भी अपनी पहचान बना रही हैं। उनकी कहानी बताती है कि निजी जिंदगी की चुनौतियां कई बार नए अवसरों और नए सफर की शुरुआत भी बन सकती हैं।