सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में एक बार फिर एविक्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में शो से मैरी कॉम के बाहर होने के बाद अब एक और कंटेस्टेंट के एविक्शन की खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हफ्ते अभिनेता आसिफ खान का सफर भी शो में खत्म हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें बाकी नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स के मुकाबले सबसे कम वोट मिले हैं।
हालांकि, अभी तक शो के मेकर्स की तरफ से आसिफ खान के एविक्शन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में उनके बाहर होने की खबर को फिलहाल रिपोर्ट्स के आधार पर ही देखा जा रहा है।
आसिफ खान समेत ये कंटेस्टेंट्स थे नॉमिनेटेड
इस हफ्ते बिग बॉस के घर से बेघर होने के लिए कई कंटेस्टेंट्स नॉमिनेट हुए थे। इनमें आसिफ खान के अलावा लव गिल, कनिका मान, आम्रपाली दुबे, गुल्लू और स्काउट ओपी का नाम शामिल था।
इसी बीच सोशल मीडिया अकाउंट ‘बिग बॉस तक’ ने दावा किया कि आसिफ खान को सबसे कम वोट मिले हैं और इसी वजह से उन्हें शो से बाहर होना पड़ा है। इस खबर के सामने आते ही दर्शकों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
हालांकि, अभी तक न तो आसिफ के एविक्शन का कोई वीडियो सामने आया है और न ही शो के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस खबर को लेकर कोई पोस्ट शेयर की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस हफ्ते के एविक्शन की असली तस्वीर ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में साफ हो सकती है।
रोहित शेट्टी ने आसिफ पर लगाया था काजी को उकसाने का आरोप
आसिफ खान इससे पहले काजी तौकीर के साथ अपनी लड़ाई को लेकर भी चर्चा में रहे थे। दोनों के बीच घर में काफी बहस हुई थी। इस मामले में ‘वीकेंड का वार’ के दौरान रोहित शेट्टी ने भी आसिफ के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी।
रोहित ने आसिफ पर काजी को उकसाने का आरोप लगाया था। इस दौरान उनके बीच हुई बातचीत ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अगर आसिफ का एविक्शन कन्फर्म होता है, तो शो में उनका सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
आसिफ के एविक्शन की खबर पर फैंस ने दिए रिएक्शन
आसिफ खान के बाहर होने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा, ‘ओह माय गॉड, आसिफ निकल गए? यानी अब काजी तौकीर के फैंस जश्न मना रहे होंगे।’
वहीं, एक अन्य यूजर ने गुल्लू और कनिका पर निशाना साधा। कुछ लोगों ने काजी तौकीर की तस्वीर शेयर करते हुए भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
सलमान खान ने भी लगाई थी आसिफ की क्लास
बिग बॉस के एक एपिसोड में सलमान खान ने भी आसिफ खान को उनके एक बयान पर जमकर फटकार लगाई थी। दरअसल, एक टास्क के दौरान आसिफ ने कहा था कि जिस मर्द की मूंछें नहीं होतीं, वह मर्द नहीं होता।
आसिफ की इस बात पर सलमान खान ने असहमति जताते हुए कहा था कि मर्दानगी मूंछों से नहीं, बल्कि दिल से होती है। उन्होंने आसिफ को समझाया कि किसी व्यक्ति की मर्दानगी उसके लुक या शारीरिक बनावट से तय नहीं होती।
सलमान की फटकार के बाद आसिफ ने तुरंत माफी मांगते हुए अपनी बात स्पष्ट करने की कोशिश की थी।
फिलहाल, आसिफ खान के एविक्शन की खबर पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है। अब देखना होगा कि ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान इस खबर की पुष्टि करते हैं या शो में कोई नया ट्विस्ट देखने को मिलता है