राहुल कुमार तेवारी और रोलिंग टेल्स प्रोडक्शन का टीवी शो ‘उड़ने की आशा’ इन दिनों एक नए इमोशनल ट्रैक को लेकर चर्चा में है। शो में लक्ष्य की असली पहचान सामने आने के बाद परिवार में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सच्चाई जानने के बाद लक्ष्य को पता चलता है कि सचिन और सायली ही उसके असली माता-पिता हैं और उसका असली नाम लक्ष्य सचिन देशमुख है। इस खुलासे के बाद जहां लक्ष्य अपनी नई जिंदगी को लेकर भावुक है, वहीं पंखुड़ी के मन में एक अलग ही डर बैठ गया है।
लक्ष्य को जब पता चलता है कि सचिन और सायली उसके असली माता-पिता हैं, तो वह उनके साथ रहने की इच्छा जाहिर करता है। परिवार के लोग भी उसे समझाने की कोशिश करते हैं कि अब वह अपने माता-पिता के साथ रहेगा। लेकिन इस पूरे बदलाव के बीच पंखुड़ी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगती है। उसे डर सताने लगता है कि अब उसके माता-पिता लक्ष्य को ज्यादा प्यार देंगे और उसे पहले जितना प्यार नहीं मिलेगा।
अपने इसी डर के चलते पंखुड़ी घर से गायब हो जाती है, जिससे सचिन और सायली परेशान हो जाते हैं। दोनों उसे ढूंढना शुरू करते हैं और आखिरकार वह उन्हें अकेले बैठी मिल जाती है। जब सायली उसके पास पहुंचती है, तो पंखुड़ी उससे एक ऐसा सवाल पूछती है, जिसे सुनकर मां का दिल टूट जाता है। वह जानना चाहती है कि क्या लक्ष्य के वापस आने के बाद भी सायली उसे पहले जितना ही प्यार करेगी?
बेटी की परेशानी समझते हुए सायली उसे समझाती है कि उनके रिश्ते में कुछ भी नहीं बदलेगा। वह पंखुड़ी को भरोसा दिलाती है कि वह हमेशा उसकी आई रहेगी और कोई भी उसकी जगह नहीं ले सकता। हालांकि, पंखुड़ी के मन में अब भी यह सवाल बना रहता है कि कहीं सायली लक्ष्य को उससे ज्यादा प्यार तो नहीं करने लगेगी।
सायली उसे बताती है कि पंखुड़ी ही वह बच्ची है, जिसने उसे पहली बार मां बनने का एहसास कराया था। इसलिए उनके रिश्ते की अपनी एक खास जगह है, जिसे कोई नहीं बदल सकता। वह साफ करती है कि लक्ष्य का परिवार में आना इस बात का मतलब बिल्कुल नहीं है कि पंखुड़ी को अब कम प्यार मिलेगा। सचिन भी सायली का साथ देते हुए बेटी को भरोसा दिलाता है कि उसे कभी अकेला या परिवार से अलग महसूस नहीं होने दिया जाएगा।
पंखुड़ी का मूड ठीक करने के लिए सायली उसकी पसंदीदा मिठाइयां लाने की कोशिश करती है और साथ में दीये जलाने का सुझाव भी देती है। हालांकि, अचानक आए इस बदलाव को स्वीकार करना पंखुड़ी के लिए अभी आसान नहीं है और उसे इस नई सच्चाई को समझने में थोड़ा समय लग सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या पंखुड़ी धीरे-धीरे लक्ष्य को अपना भाई स्वीकार कर पाएगी? क्या लक्ष्य भी रोशनी से अपने जुड़ाव के बीच सचिन और सायली के साथ नया रिश्ता बना पाएगा? आने वाले एपिसोड्स में देशमुख परिवार के रिश्तों और भावनाओं का नया पहलू देखने को मिलेगा।