भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और आम्रपाली दूबे की जोड़ी एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन इस बार वजह कोई नई फिल्म या गाना नहीं, बल्कि एक नया ओटीटी रियलिटी शो है, जिसका नाम है ‘भोजपुरी बवाल’। इस शो को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है, क्योंकि दावा किया जा रहा है कि इसमें भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारे अपनी जिंदगी से जुड़े कई अनसुने और दिलचस्प राज खोलते नजर आएंगे।
भोजपुरी इंडस्ट्री में निरहुआ और आम्रपाली दुबे की जोड़ी को सबसे हिट जोड़ियों में गिना जाता है। दोनों ने साथ में कई सुपरहिट फिल्मों और गानों में काम किया है। ऑनस्क्रीन रोमांस के साथ-साथ दोनों की ऑफस्क्रीन केमिस्ट्री भी हमेशा चर्चा में रही है। अक्सर दोनों के रिश्ते को लेकर अफवाहें उड़ती रही हैं और फैंस भी उन्हें रियल लाइफ कपल के रूप में देखने लगे हैं। हालांकि, दोनों सितारे कई बार साफ कर चुके हैं कि वे सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। इसके बावजूद उनकी नजदीकियां और साथ में मौजूदगी लगातार सुर्खियां बटोरती रहती है।

अब पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब दर्शकों को इन सितारों की निजी जिंदगी को करीब से जानने का मौका मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘भोजपुरी बवाल’ एक ऐसा रियलिटी शो होगा जिसमें भोजपुरी सितारे अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ से जुड़े अनुभवों को खुलकर साझा करेंगे। माना जा रहा है कि शो के जरिए दर्शकों को भोजपुरी इंडस्ट्री की चमक-दमक के पीछे की असली कहानी देखने को मिलेगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस शो में सिर्फ निरहुआ और आम्रपाली ही नहीं, बल्कि पवन सिंह, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे चर्चित चेहरे भी नजर आ सकते हैं। शो में सभी सितारे अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव, करियर संघर्ष और निजी रिश्तों पर खुलकर बातचीत करेंगे। यही वजह है कि दर्शकों के बीच इस शो को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।
अगर शो के फॉर्मेट की बात करें तो ‘भोजपुरी बवाल’ को पारंपरिक रियलिटी शो से अलग बनाने की कोशिश की गई है। इसे ‘फॉलो रियलिटी’ फॉर्मेट में तैयार किया गया है, जिसमें किसी तरह का स्क्रिप्टेड ड्रामा, फेक लड़ाई या एलिमिनेशन देखने को नहीं मिलेगा। यानी दर्शकों को स्टार्स की जिंदगी का रियल और अनफिल्टर्ड अंदाज देखने को मिलेगा।

हाल ही में शो की पहली झलक भी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। मेकर्स ने शो का एक स्टिल शेयर करते हुए लिखा, “जब बात हो भोजपुरी दिल और ठाठ की, तो भोजपुरी बवाल होना ही है।” इस पोस्टर में निरहुआ और आम्रपाली दुबे की झलक ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, ‘भोजपुरी बवाल’ को जल्द ही JioHotstar पर स्ट्रीम किया जाएगा। इसके अलावा शो को कलर्स टीवी पर भी प्रसारित किए जाने की चर्चा है। हालांकि, अभी तक शो की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन पहली झलक सामने आने के बाद से ही भोजपुरी दर्शक इस शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।