बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर पिछले कुछ दिनों से अपनी इमोशनल अपील को लेकर चर्चा में हैं। एक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर फिल्म इंडस्ट्री से काम दिलाने की गुहार लगाई थी। उन्होंने बताया था कि वह दोबारा एक्टिंग की दुनिया में वापसी करना चाहते हैं। अब इस मामले में उनके को-स्टार और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने मदद का हाथ बढ़ाया है। शरद ने खुलासा किया है कि उनका वीडियो देखने के बाद शाहरुख ने खुद उन्हें फोन किया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
शाहरुख खान ने किया शरद कपूर को फोन
हाल ही में नवभारत टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में शरद कपूर ने बताया कि काम के लिए उनकी अपील वायरल होने के बाद शाहरुख खान ने उनसे संपर्क किया था। शाहरुख से हुई बातचीत के बारे में बताते हुए एक्टर ने कहा, “शाहरुख खान ने कहा कि आप जो करना चाहते हैं और जो आपकी इच्छा है, वो कीजिए। मैं आपकी मदद के लिए तैयार हूं। मैं जल्द ही आर्यन खान से भी मुलाकात करूंगा।”
शरद के इस खुलासे के बाद एक बार फिर शाहरुख खान के सपोर्टिव अंदाज की चर्चा हो रही है। शरद जल्द ही आर्यन खान से भी मिलने की योजना बना रहे हैं।
‘Josh’ की शूटिंग के दिनों को किया याद
इंटरव्यू के दौरान शरद कपूर ने फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ काम करने का अनुभव भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान वह अक्सर शाहरुख को उनके डायलॉग्स में मदद किया करते थे। खास बात यह थी कि कई बार वह ऐसे सीन में भी शाहरुख की मदद करते थे, जो उनके अपने किरदार के खिलाफ होते थे। शरद का कहना था कि उनके लिए फिल्म का अच्छा बनना ज्यादा जरूरी था।
उन्होंने शाहरुख के आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए उन्हें बड़े कद का इंसान बताया।
Sonu Sood ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
शाहरद कपूर की मदद के लिए सिर्फ शाहरुख खान ही नहीं, बल्कि एक्टर सोनू सूद भी आगे आए हैं। शरद ने बताया कि सोनू सूद ने उनके पैर की चोट के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम और मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद इलाज के लिए करजत जाएंगे।
डिप्रेशन और पैर की चोट से जूझ रहे हैं एक्टर
बता दें कि शरद कपूर ने हाल ही में एक इमोशनल वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने डिप्रेशन और पैर की चोट से जूझने की बात बताई थी। उन्होंने CINTAA और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम दिलाने में मदद करने की अपील की थी। एक्टर ने यह भी साफ किया था कि उन्हें पैसों की जरूरत नहीं है, बल्कि वह सिर्फ दोबारा काम शुरू करना चाहते हैं।
शरद कपूर ने साल 1994 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान फिल्म ‘जोश’ में प्रकाश शर्मा का किरदार निभाकर मिली थी, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ नजर आए थे। अब एक्टर जनवरी 2027 में फिर से काम शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं।