त्योहारों की असली खूबसूरती अपनों के साथ खुशियां बांटने और परंपराओं को संजोकर रखने में होती है। कुछ ऐसा ही नजारा COLORS के रियलिटी शो ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा – जोड़ियों का रियलिटी चेक’ के सेट पर देखने को मिला, जहां भोजपुरी सुपरस्टार और राजनेता मनोज तिवारी अपनी पत्नी सुरभि तिवारी के साथ छठ पूजा का उत्सव मनाते नजर आए।
इस खास मौके पर मनोज तिवारी अपने साथ छठ पूजा का प्रसाद लेकर पहुंचे और शो में हिस्सा ले रहे सभी कपल्स के साथ इसे बांटा। इस तरह उन्होंने शो के पूरे परिवार को छठ पर्व की खुशियों में शामिल किया। इतना ही नहीं, मनोज तिवारी ने छठ पूजा का एक भक्तिमय गीत भी गाया, जिससे शो का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
वहीं, सुरभि तिवारी ने भी छठ पूजा से जुड़ी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि छठ उनके लिए बेहद खूबसूरत और खास त्योहार है। जब भी वह छठ के गीत सुनती हैं, तो उन्हें अपने hometown और वहां होने वाले भव्य आयोजन की याद आने लगती है। इस पर्व की हर परंपरा उन्हें पुरानी यादों से जोड़ देती है।
सुरभि ने कहा कि डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना जीवन में मिली हर खुशी के प्रति आभार जताने, जमीन से जुड़े रहने और हर परिस्थिति में विश्वास बनाए रखने का प्रतीक है। उनके लिए छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि परिवार के एक साथ आने, परंपराओं को सहेजने और अपनों की खुशहाली, अच्छी सेहत और सुख-समृद्धि की कामना करने का अवसर भी है।
उन्होंने आगे कहा कि इस साल ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ के जरिए उन्हें और मनोज जी को दर्शकों का खूब प्यार मिला है, जिसकी वजह से यह छठ उनके लिए और भी खास बन गया है। इस मौके पर उन्होंने प्रार्थना की कि हर परिवार को खुशियां, आपसी प्रेम और साथ रहने का सुख मिले। उन्होंने अपनी बात ‘जय छठी मैया की’ कहकर पूरी की।
बता दें कि ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा-जोड़ियों का रियलिटी चेक’ हर शनिवार और रविवार रात 9 बजे COLORS और JioHotstar पर प्रसारित होता है।