COLORS के शो ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ के साथ एरिका फर्नांडिस ने पांच साल बाद टीवी पर वापसी की है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रीमियर हुए इस फाइनाइट सीरीज में युद्ध के मैदान से आगे की कहानी दिखाई गई है। शो उन डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ की जिंदगी पर फोकस करता है, जो घायल जवानों को बचाने के लिए हर दिन जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते हैं।
एरिका ने बताया कि उन्होंने यह शो इसलिए चुना क्योंकि वह अपने पुराने किरदारों से कुछ अलग करना चाहती थीं। उनके मुताबिक, पहले किए गए रोल्स एक जैसे लगने लगे थे और वह कुछ ऐसा करना चाहती थीं, जिसमें एक अलग तरह का वजन और गहराई हो। शो का 30 एपिसोड का फॉर्मेट और रियल लोकेशंस पर शूटिंग ने भी उन्हें काफी आकर्षित किया।
शो की कहानी के बारे में बात करते हुए एरिका ने कहा कि आमतौर पर आर्मी पर बनी फिल्मों और शोज में युद्ध और बॉर्डर की कहानी दिखाई जाती है, लेकिन ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ में घायल जवानों के अस्पताल पहुंचने के बाद की कहानी दिखाई गई है। इसमें जवानों के साथ-साथ उन आम नागरिकों की कहानियां भी हैं, जो आर्मी हॉस्पिटल में इलाज के लिए पहुंचते हैं।
एरिका ने बताया कि रियल लोकेशंस पर शूटिंग करना उनके लिए बिल्कुल अलग अनुभव था। उनके मुताबिक, सेट पर शूटिंग करने की तुलना में असली घरों, अस्पतालों और दूसरी जगहों पर काम करने से किरदार ज्यादा वास्तविक महसूस होते हैं।
शो की ऑथेंटिसिटी के लिए सेट पर आर्मी के अधिकारी भी मौजूद रहते थे। एरिका ने बताया कि अधिकारियों ने यूनिफॉर्म से लेकर उसे पहनने के तरीके और यहां तक कि जूतों के फीते बांधने जैसी छोटी-छोटी चीजों पर भी खास ध्यान दिया।
कश्मीर में शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए एरिका ने कहा कि उनके लिए सबसे खास अनुभव आर्मी हॉस्पिटल की वास्तविकता को जानना था। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले यह तक नहीं पता था कि ऐसा हॉस्पिटल मौजूद है। डॉक्यूमेंट्री देखने और वहां इस्तेमाल होने वाले मेडिकल उपकरणों के बारे में जानने के बाद उन्हें इस काम की अहमियत का एहसास हुआ।
एरिका ने कहा कि ऐसी कई चीजें हैं, जिनके बारे में हम आमतौर पर नहीं जानते। लेकिन जब वहां जवानों की जान बचाने के लिए किए जा रहे काम के बारे में पता चलता है, तो एक भारतीय होने के नाते गर्व महसूस होता है।
अपने फैंस के लिए एरिका ने कहा कि वह पिछले कई सालों से मिल रहे प्यार और सपोर्ट के लिए सभी की शुक्रगुजार हैं। उन्होंने दर्शकों से शो देखने की अपील करते हुए कहा कि इसमें उनका एक बिल्कुल अलग अवतार देखने को मिलेगा।
‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे COLORS और JioHotstar पर प्रसारित होता है।